खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर के केसीसी प्रोजेक्ट के कंसनटेटर प्लांट में शुक्रवार को एक हादसा हो गया। टीनशैड का काम करते समय नीचे गिरने से ठेका कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बनवास निवासी सुभाष चन्द्र (43) पुत्र हरिराम मेघवाल केसीसी प्रोजेक्ट में रिलेक्स मैकेनिकल एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में ठेकेदार के पास करीब पांच महीने से टीनशैड लगाने का कार्य करता था। रोजाना की तरह वह कंसनटेटर प्लांट में टीनशैड लगाने का काम कर रहा था कि दोपहर करीब 12 बजे कार्य करते समय वह नीचे गिर गया। इस दौरान गिरने से सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको केसीसी अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर केसीसी प्रोजेक्ट के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
इस दौरान मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। मृतक के दो बेटे हैं बड़ा बेटा संदीप व छोटा प्रितम है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। मृतक तीन भाइयों में दुसरे नंबर का है। बड़ा भाई ताराचंद भी केसीसी प्रोजेक्ट में एसएमएस ठेका कंपनी तथा तीसरे नंबर का अमर सिंह वह मृतक के साथ ही काम करता है। घटना की सूचना पर सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। ठेका मजदूर अध्यक्ष रवींद्र फौजी ने बताया कि प्रोजेक्ट में टीनशैड के कार्य के दौरान एक कर्मचारी पहले भी हादसे का शिकार हो चुका है। करीब एक साल पहले भी बैंडिंग बिल्डिंग में टीनशैड लगाते समय ऊपर से गिरने से एक कर्मचारी घायल हो गया था। ठेकेदार द्वारा सुरक्षा की लापरवाही से हादसे हो रहे है। एचसीएल ने अभी तक कोई सुध नहीं ली, मामले में जो अधिकारी व ठेकेदार दोषी है उनके खिलाफ न्यायिक लडाई लड़ी जाएगी। एएसआई राजवीर सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट में टीनशैड पर कार्य के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










