सीसीटीवी खंगालने पहुंची पुलिस की नजरों के सामने आए आरोपी, फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दो दबोचे
चिड़ावा I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सोशल मीडिया पर सस्ते सोने का झांसा देकर गुजरात के एक व्यापारी को जाल में फंसाने और फिर अपहरण कर लाखों की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिड़ावा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो बदमाशों को नाटकीय तरीके से गिरफ्तार कर लिया। घटना में सूरत निवासी सोना व्यापारी मेहुल से 7 लाख 15 हजार रुपए ठग लिए गए। आरोपियों ने पहले फेसबुक पर सोना बेचने का विज्ञापन डालकर भरोसा जीता, फिर सुनसान जगह पर ले जाकर उसे बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देकर पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
‘सस्ते सोने’ का लालच बना जाल
पीड़ित मेहुल ने बताया कि फेसबुक पर 60 ग्राम सोना 7 लाख रुपए में बेचने का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया। आरोपी रजनीश डारा ने खुद को किशोरपुरा निवासी बताते हुए भरोसा दिलाया कि सोना लोन कंपनी में गिरवी है। विश्वास में आकर मेहुल ने 7 अप्रैल को आरटीजीएस के जरिए 6 लाख 78 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
खंडहर में बंधक, हथियारबंद बदमाशों ने बनाया शिकार
चेक देने के बहाने आरोपी मेहुल को किशोरपुरा रोड स्थित एक सुनसान खंडहर में ले गया, जहां पहले से मौजूद पांच हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया। मोबाइल छीनकर जान से मारने की धमकी दी गई और फोन-पे के जरिए 37 हजार रुपए और ट्रांसफर करवा लिए।इसके बाद बदमाश उसे बिना नंबर की बोलेरो कैंपर में डालकर कच्चे रास्तों से ले गए और धीगाल गांव के पास टोल बूथ पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के सामने आए आरोपी, भागे तो अस्पताल में घुसे
पीड़ित किसी तरह चिड़ावा पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को पुलिस जब एसबीआई बैंक के पास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी, तभी आरोपी अचानक सामने आ गए।पीड़ित ने पहचान की तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश पहले एक मकान और फिर पास के अस्पताल में घुस गए, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में दोनों को धर दबोचा।
पुलिस की तत्परता से खुला बड़ा गिरोह
थानाधिकारी कैलाश चंद्र ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे गिरोह की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में संगठित ठगी गिरोह के संकेत मिले हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाता है।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














