सहयोग शक्ति फाउंडेशन द्वारा करवा चौथ महोत्सव धूमधाम से मनाया गया

पारंपरिक गीतों, खेलों और रस्मों के बीच महिलाओं ने उत्साह के साथ मनाया पारंपरिक पर्व

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
सहयोग शक्ति फाउंडेशन के तत्वावधान में शुक्रवार को करवा चौथ महोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर पहुंचीं। पूरे कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी सजावट, दीपों और करवे से सजाया गया था, जिससे माहौल पूरी तरह पारंपरिक उत्सव जैसा नजर आ रहा था।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों पर नाच-गाकर करवा चौथ का आनंद उठाया। एक ओर जहां ढोलक की थाप पर गीत गूंजे, वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में करवा चौथ से जुड़ी पौराणिक एवं पारंपरिक कथाओं का श्रवण भी कराया गया, जिसे सभी महिलाओं ने बड़ी श्रद्धा से सुना। इसके बाद महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु व सुखमय जीवन की कामना की।आयोजन समिति सदस्य पूर्वा व प्रेरणा पाहुजा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ एक उत्सव मनाना नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखना और महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, अपनत्व और सामाजिक एकजुटता की भावना को प्रबल करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच पारंपरिक त्यौहारों को सामूहिक रूप से मनाना, हमारी सामाजिक जड़ों को मजबूत करता है।कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन प्रतियोगिताओं ने न केवल माहौल को आनंदमय बनाया, बल्कि आपसी मेलजोल और सहभागिता को भी बढ़ाया। विजेताओं को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कार भी प्रदान किए गए।शाम होते ही महिलाएं सोलह श्रृंगार में सजी-धजी चांद का इंतजार करने लगीं। जैसे ही चांद निकला, सभी ने परंपरा के अनुसार छलनी से चांद और अपने पति का दर्शन किया और व्रत खोला। चांदनी रात में पारंपरिक रस्मों के साथ महिलाओं ने उत्सव को पूर्णता दी। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन ईशु जुनेजा ने किया।

शहीद भगत सिंह विचार मंच के युवाओं का सम्मान | चूरू सूचना केंद्र कार्यक्रम | वीर तेजाजी विकास समिति

GST स्लैब में बदलाव: चूरू की जनता की राय | फायदा या नुकसान? जानिए सच्चाई | Ground Report