कार्यकारिणी की बैठक में लिया निर्णय, भजनों से प्राप्त राशि अब गौसेवा में होगी खर्च
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
श्री गौशाला सेवा समिति हनुमानगढ़ की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को अध्यक्ष इंद्र हिसारिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में गौशाला से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए जागरण मंडल को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि गोविंद की धाम जागरण मंडल को गौशाला जागरण मंडल की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाएगा। इसके स्थान पर श्री नवदुर्गा पूजा सेवा समिति, नई धान मंडी, हनुमानगढ़ जंक्शन को गौशाला की ओर से अधिकृत किया गया है।
बैठक में समिति पदाधिकारियों ने बताया कि श्री नवदुर्गा पूजा सेवा समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय रूप से योगदान देती रही है। समिति की ओर से भजन संध्या एवं जागरण के माध्यम से एकत्रित होने वाली राशि को पूर्व में विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों में लगाया जाता था। अब समिति द्वारा निर्णय लिया गया है कि भजनों एवं जागरण के माध्यम से प्राप्त होने वाली राशि गौशाला सेवा एवं गौवंश के संरक्षण के लिए समर्पित की जाएगी।
श्री नवदुर्गा पूजा सेवा समिति के सदस्यों ने कहा कि गौसेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। समिति को गौशाला की ओर से अधिकृत किए जाने के बाद धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं से प्राप्त सहयोग राशि को गौवंश की सेवा में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाजहित में कार्य करना है और अब गौसेवा को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
बैठक में गौशाला की व्यवस्थाओं, गौवंश की देखभाल तथा आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष इंद्र हिसारिया ने कहा कि गौशाला में आने वाले गौवंश की बेहतर देखभाल के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं भामाशाहों से गौसेवा के कार्यों में आगे बढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यकारिणी ने उम्मीद जताई कि श्री नवदुर्गा पूजा सेवा समिति के जुड़ने से गौशाला की धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा जागरण के माध्यम से जुटने वाला सहयोग गौवंश की सेवा में उपयोगी साबित होगा। इस मौके पर हेमराज जिन्दल, शिवभगवान ढुढाणी, कानचंद गोयल, त्रिलोक जिन्दल, वीरेन्द्र गोयल बब्बी भटेवाले, रामकुमार गोदारा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।













