महिलाओं ने सुनी कथा, किया सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनोरंजन, प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह



हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र एवं गोल्डन गर्ल्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में करवाचौथ महोत्सव का भव्य आयोजन जंक्शन स्थित नांरग होटल में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर भाग लिया और पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ पर्व का आनंद उठाया।कार्यक्रम की शुरुआत करवाचौथ व्रत कथा के साथ हुई, जिसमें महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से कथा सुनी और अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक सजावट, दीपों की रोशनी और रंगोली ने वातावरण को और भी आकर्षक बना दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षा कंचन गुप्ता व मोनिका जोशी ने बताया कि करवाचौथ महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक त्यौहारों की सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखना और महिलाओं को एक मनोरंजक एवं आनंदमय माहौल प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, प्रेम और एकता को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर क्लब की सदस्यों द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता, थाली सजावट प्रतियोगिता, बेस्ट ड्रेस सहित कई रोचक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।














