Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ करवा चौथ महोत्सव में झलकी भक्ति और परम्परा की छटा

करवा चौथ महोत्सव में झलकी भक्ति और परम्परा की छटा

काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में महिलाओं ने एक साथ की पूजा-अर्चना, सुनी चौथ माता की कथा

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
करवा चौथ का पावन पर्व जिलेभर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जंक्शन की देवभूमि स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास द्वारा महिला मंडली के सहयोग से दूसरा करवाचौथ महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। दिनभर मंदिर परिसर भक्ति और रंगारंग कार्यक्रमों से गूंजता रहा। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ व्रत, पूजा और कथा श्रवण कर अपने अखंड सुहाग की कामना की।महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 2 बजे चौथ माता की कथा से हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार में सुसज्जित होकर पंडित धर्मेंद्र शास्त्री के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना की। कथा के दौरान चौथ माता, मां गौरी, भगवान शंकर, गणेश व कार्तिकेय की आराधना की गई। महिलाओं ने पुष्प, अक्षत, धूप, दीप आदि अर्पित कर श्रद्धाभाव से व्रत पूजन संपन्न किया। कथा वाचक ने करवा चौथ व्रत की पौराणिक कथा सुनाकर इसके महत्व और पारिवारिक जीवन में इसके आध्यात्मिक संदेश को विस्तार से बताया।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने निर्जला व्रत रखते हुए दिनभर भगवान शिव-पार्वती की आराधना की और चंद्रमा के दर्शन के बाद अपने व्रत का पारायण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। गीत-संगीत, भक्ति नृत्य और पारंपरिक खेलों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।प्रन्यास अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि समिति द्वारा यह दूसरा करवाचौथ महोत्सव आयोजित किया गया है। महिलाओं के उत्साह और सहभागिता को देखते हुए हर वर्ष इसे और भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज में भारतीय परम्पराओं और धार्मिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखना है।कार्यक्रम को सफल बनाने में सहसचिव चिमन मित्तल, विजय भूतना, सुरेंद्र गाड़ी, अनिल शर्मा, रामचंद्र बाघला का विशेष योगदान रहा। महिलाओं ने एकजुट होकर पर्व को सामूहिकता और आस्था का प्रतीक बना दिया। मंदिर परिसर में देर शाम तक भक्ति गीतों और पूजा आरती की गूंज से पावन वातावरण बना रहा।

शहीद भगत सिंह विचार मंच के युवाओं का सम्मान | चूरू सूचना केंद्र कार्यक्रम | वीर तेजाजी विकास समिति

GST स्लैब में बदलाव: चूरू की जनता की राय | फायदा या नुकसान? जानिए सच्चाई | Ground Report

Advertisement