अस्पतालों की स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवालों के बीच चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर सख्त, पेस्ट कंट्रोल से लेकर सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी तक होगी निगरानी , लापरवाही मिली तो अधिकारियों-कर्मचारियों की तय होगी जवाबदेही
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सरकारी अस्पतालों में मरीज इलाज कराने आते हैं, लेकिन अस्पतालों का वातावरण ही यदि असुरक्षित और अस्वच्छ हो तो मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा? चूहों, कीटों, आवारा पशुओं और गंदगी से बचाव के लिए अब चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी करने पड़े हैं। प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने सख्त रूख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि मरीजों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मंत्री के निर्देशों ने सरकारी अस्पतालों की बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक जिम्मेदारी और निगरानी का सवाल फिर सामने ला दिया है। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों से लेकर जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक अब नियमित पेस्ट कंट्रोल करवाना अनिवार्य होगा। चूहों और अन्य कीटों की रोकथाम के लिए प्रभावी इंतजाम करने होंगे। सवाल यह भी है कि जिन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी पहले से होनी चाहिए, उन्हें प्रभावी बनाने के लिए अब अलग से सख्त निर्देश जारी करने की नौबत क्यों आ रही है?
वार्ड से ऑपरेशन थिएटर तक सफाई पर रहेगी नजर
चिकित्सा मंत्री ने अस्पतालों के वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष, शौचालयों और अन्य चिकित्सा इकाइयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केवल सफाई करवाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसकी निरंतर मॉनिटरिंग भी करनी होगी। मरीजों के उपचार से जुड़े संवेदनशील स्थानों पर संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। अस्पतालों में गंदगी अथवा कीटों की मौजूदगी मरीजों के स्वास्थ्य के लिए अतिरिक्त खतरा बन सकती है।
खिड़की-दरवाजे और नालियां भी बनेंगी निगरानी के दायरे में
अस्पताल भवनों की खिड़कियों, दरवाजों, नालियों और अन्य प्रवेश मार्गों का निरीक्षण कर उन रास्तों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां से चूहे और आवारा पशु परिसर में प्रवेश कर सकते हैं। यानी अब अस्पताल प्रशासन को केवल वार्डों की सफाई तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि भवन की संरचना और सुरक्षा से जुड़े कमजोर स्थानों पर भी ध्यान देना होगा। मरीजों और उनके परिजनों को खाद्य सामग्री खुले में नहीं छोड़ने के लिए जागरूक करने तथा कैंटीन और भोजन वितरण केंद्रों पर खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।
सुरक्षा गार्ड तैनात हैं तो आवारा पशु अस्पताल में कैसे पहुंचें?
मंत्री ने अस्पतालों में तैनात सुरक्षा गार्डों की जिम्मेदारी भी स्पष्ट कर दी है। उन्हें निर्धारित ड्यूटी के अनुरूप काम करना होगा और अस्पताल के वार्डों तथा परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगानी होगी। अस्पताल अधीक्षक, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी और संस्थान प्रभारी स्वयं नियमित निरीक्षण करेंगे। व्यवस्था में कमी मिलने पर उसे तत्काल दुरूस्त करवाना होगा। इससे अस्पताल प्रशासन की जवाबदेही सीधे तौर पर तय करने का संदेश दिया गया है।
अब बहाने नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने दो टूक कहा है कि मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जहां भी व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज पहले ही शारीरिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहे होते हैं।
ऐसे में अस्पतालों में चूहों, आवारा पशुओं अथवा अस्वच्छता के कारण किसी मरीज को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रदेश के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों को इन निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करनी होगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि निर्देशों का असर जमीन पर कब दिखेगा? अस्पतालों में स्वच्छता और सुरक्षा केवल आदेश जारी करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
मरीजों को सुरक्षित वातावरण, संक्रमणमुक्त वार्ड और व्यवस्थित चिकित्सा परिसर उपलब्ध करवाना अस्पताल प्रशासन की बुनियादी जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि विभागीय सख्ती निरीक्षण और कार्रवाई तक पहुंचती है या फिर ये निर्देश भी सरकारी फाइलों तक सिमटकर रह जाते हैं।















