Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 20 रूपये की वस्तु के 25 रूपये वसूले तो चुप क्यों रहें?...

20 रूपये की वस्तु के 25 रूपये वसूले तो चुप क्यों रहें? झुंझुनूं से देशभर के उपभोक्ताओं के हक में उठी आवाज

झुंझुनूं जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील, उपभोक्ता अधिकार जागरूकता अभियान की पहल करते हुए
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झुंझुनूं के अध्यक्ष मनोज कुमार मील

उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील की अनूठी पहल, ‘उपभोक्ता की आवाज न्यायोत्सव’ के जरिए देशभर में चलेगा जागरूकता अभियान, सप्ताह में दो बार दी जाएगी अधिकारों की कानूनी जानकारी, पांच सेकंड की सावधानी बचाएगी जेब , बिल लेना और अधिक वसूली के खिलाफ शिकायत करना हर उपभोक्ता का अधिकार

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
बाजार में खरीदारी करते समय यदि कोई दुकानदार 20 रूपये की वस्तु के 25 रूपये वसूलता है तो क्या आप इसका विरोध करते हैं या पांच रूपये की मामूली रकम समझकर चुपचाप भुगतान कर देते हैं? उपभोक्ताओं की इसी खामोशी और अनजानगी का फायदा उठाकर होने वाली अनुचित वसूली के खिलाफ अब झुंझुनूं से देशभर में जागरूकता की आवाज बुलंद की जा रही है। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झुंझुनूं के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अनूठी पहल की है।

मील ने ‘उपभोक्ता की आवाज न्यायोत्सव 2.0’ के तहत आमजन को उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी देने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत सप्ताह में दो बार समाचार माध्यमों के जरिए उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। अभियान की पहली कड़ी में अधिकतम खुदरा मूल्य से ज्यादा वसूली के मुद्दे को उठाते हुए संदेश दिया गया है कि ‘निर्धारित कीमत से अधिक नहीं, उपभोक्ता अधिकारों से समझौता नहीं।’

इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के प्रत्येक उपभोक्ता को खरीदारी के दौरान अपने अधिकारों के प्रति सजग करना और किसी भी तरह की अनुचित वसूली होने पर उसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है। उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने बताया कि अक्सर लोग छोटी रकम समझकर दुकानदार की ओर से की जाने वाली अतिरिक्त वसूली को नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही गलत व्यापारिक व्यवहार को बढ़ावा देती है।

उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय केवल वस्तु की कीमत ही नहीं, बल्कि उसके पैकेट पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, घोषित वजन और गुणवत्ता की भी जांच करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पैकबंद वस्तु को उस पर घोषित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत पर बेचना नियमों के विरूद्ध है। अधिकतम खुदरा मूल्य में सभी लागू कर शामिल होते हैं। दुकानदार अपनी मर्जी से निर्धारित कीमत के ऊपर अतिरिक्त राशि नहीं वसूल सकता। इसलिए उपभोक्ताओं को भुगतान करने से पहले वस्तु पर अंकित कीमत जरूर देखनी चाहिए।

बिल मांगने में शर्म कैसी, यह आपका अधिकार है

मील ने कहा कि प्रत्येक खरीदारी पर दुकानदार से बिल मांगने की आदत डालनी चाहिए। बिल लेना केवल खरीदारी का प्रमाण नहीं, बल्कि किसी विवाद की स्थिति में उपभोक्ता के अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण आधार भी है। अभियान के तहत उपभोक्ताओं को बिल लेने, डिजिटल भुगतान का प्रमाण सुरक्षित रखने और निर्धारित कीमत से अधिक वसूली होने पर वस्तु के पैकेट तथा उस पर अंकित मूल्य की तस्वीर सहित जरूरी साक्ष्य संभालकर रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अधिक कीमत वसूले जाने या अन्य उपभोक्ता संबंधी शिकायतों के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1915 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। मामले के अनुसार विधिक माप विज्ञान विभाग में भी शिकायत की जा सकती है। उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष ने बताया कि ‘उपभोक्ता की आवाज न्यायोत्सव’ का उद्देश्य केवल दुकानदारों की जवाबदेही तय करना नहीं है, बल्कि उपभोक्ता और व्यापारी के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जिम्मेदार व्यापारिक व्यवहार को मजबूत करना भी है।

इस अभियान से आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर उपभोक्ता शोषण के विरूद्ध जागरूक समाज तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। मील ने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इस न्यायोत्सव से जुड़कर स्वयं उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी हासिल करें और अपने परिवार, आसपास के लोगों तथा समाज को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

झुंझुनूं उपभोक्ता आयोग की इस पहल का संदेश है

‘न कीमत से अनजान रहें, न अधिकारों से समझौता करें।’ पांच रूपये की अतिरिक्त वसूली को मामूली समझकर नजरअंदाज करने के बजाय अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उपभोक्ता जागरूकता से ही न्याय का रास्ता मजबूत होगा और विकसित राष्ट्र के सपने को साकार करने में आम नागरिक अपनी भागीदारी निभा सकेंगे।

Advertisement