धुन संस्था के दीपावली स्नेह मिलन में कलाकारों ने गीतों से बांधा समां, संगीत के जरिए दिया प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
दीपावली के उल्लास, संगीत की मधुर स्वर लहरियों और आपसी प्रेम-सौहार्द के खूबसूरत संगम के बीच शहर की प्रतिष्ठित संगीत संस्था धुन (द रिदम ऑफ लाइफ) की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह ‘जश्न-ए-चराग़ाँ’ यादगार पलों के साथ सम्पन्न हुआ। थ्री डॉट्स चिल्ड्रेन एकेडमी में आयोजित इस संगीतमय समारोह में सुरों की ऐसी महफिल सजी कि कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में दीपावली के उल्लास के साथ गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक एकता की अनूठी तस्वीर भी देखने को मिली। संस्था अध्यक्ष मनोहर लाल धूपिया ने बताया कि समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि फरहत खातून एवं मेहरुन्निशा कुरैशी के स्वागत और अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद धुन संस्था के सदस्यों और आमंत्रित अतिथि कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुतियां देकर संगीत की सुरमयी शाम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में शास्त्रीय, सुगम और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों के बीच श्रोताओं ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में ऐश्वर्या शर्मा, गौरी, मोहम्मद इस्माइल खान, डॉ. सम्पत बारूपाल, श्याम सुंदर पाटोदिया, मनोहर लाल धूपिया, कपिल सोनी, प्रमोद खेड़ड़, हबीबुर रहमान खान, नबीहा खान, श्रीचंद माहिच, जाकिर सिद्दीकी, हन्नान खान, प्रवीण टाक, कुसुम चाहर, पूनम शर्मा, प्रेमबिहारी माथुर, प्रियदर्शनी लाम्बा, प्रियंका लाम्बा, डॉ. रजनेश माथुर, डॉ. नफीस कुरैशी, रवींद्र शेखावत, अमिता गौड़, मनोज पंवार, मोहम्मद सनवर कुरैशी, रईस कुरैशी, इरशाद मोहम्मद फारूकी, मधु, रवि खाजपुरिया, डॉ. निर्मला रॉयल एवं मोहम्मद इब्राहिम खान सहित अनेक कलाकारों ने अपनी गायकी से समां बांधा।
इस अवसर पर धुन संस्था के सदस्य उमर कुरैशी, ए. रहमान सय्यद, भवानी सिंह कर्णावत, मोहम्मद आरिफ खान, मोहम्मद उस्मान खान एवं जाहिरा खान सहित शहर और बाहर से आए अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि संगीत किसी जाति, धर्म या वर्ग की सीमाओं में बंधा नहीं होता, बल्कि दिलों को जोड़ने और समाज में प्रेम एवं सद्भावना का वातावरण बनाने का सशक्त माध्यम है।
दीपावली के अवसर पर आयोजित इस आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता ने आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता की मिसाल पेश की। संस्था संरक्षक मोहम्मद इब्राहिम खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘जश्न-ए-चराग़ाँ’ महज एक संगीत समारोह नहीं, बल्कि आपसी मोहब्बत, एकता और सांस्कृतिक सद्भावना का उत्सव है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर रिश्तों में मिठास घोलते हैं। समारोह की मधुर यादें लंबे समय तक सभी के दिलों में बनी रहेंगी।
अंत में संस्था सचिव डॉ. सम्पत बारूपाल ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही सुरों, सद्भावना और भाईचारे से सजी इस यादगार संगीतमय शाम का समापन हुआ।














