संयुक्त निदेशक शिक्षा अनुसुइया सिंह ने सीडीईओ कार्यालय का किया निरीक्षण, विभागीय योजनाओं की प्रगति जानी , जिले के नवाचारों और कार्यशैली की सराहना की
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय रैंकिंग में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए झुंझुनूं जिले ने इस माह प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले की इस उपलब्धि पर संयुक्त निदेशक शिक्षा अनुसुइया सिंह ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शुक्रवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों, योजनाओं की प्रगति और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने कार्यालय के समस्त कक्षों एवं विभिन्न प्रभारों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय स्तर पर संचालित गतिविधियों के साथ जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने समस्त स्टाफ की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। संयुक्त निदेशक अनुसुइया सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय रैंकिंग में झुंझुनूं का लगातार बेहतर प्रदर्शन जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, मेहनत और समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
प्रदेश के सभी जिलों में दूसरा स्थान प्राप्त करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने जिले में किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की प्रशंसा करते हुए इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने संयुक्त निदेशक को आश्वस्त किया कि झुंझुनूं जिला शिक्षा विभाग के सभी कार्यों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सदैव अग्रणी रहने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति, योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले की रैंकिंग को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सहायक निदेशक कपिल कुलहरी, एपीसी रविन्द्र शर्मा, प्रधानाचार्य अशोक जांगिड़, कार्यक्रम अधिकारी कमलेश शर्मा, राजपाल, संस्थापन अधिकारी नरेंद्रपाल चीता, लेखाकार निधि, प्रशासनिक अधिकारी मुकेश कुमार, अनिल कुमार, सरिता, कृष्णा, रोहिताश एवं रमेश कुमार सहित कार्यालय के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।













