Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं भ्रष्टाचार रूपी दीमक को खत्म करने के लिए जागरूकता और सत्यनिष्ठा जरूरी...

भ्रष्टाचार रूपी दीमक को खत्म करने के लिए जागरूकता और सत्यनिष्ठा जरूरी – बोहरा

केसीसी खेतड़ीनगर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करते अतिथि।

केसीसी खेतड़ीनगर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन , विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर स्थित केसीसी प्रोजेक्ट में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। केसीसी के कॉपर क्लब में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी के कार्यपालक निदेशक पुरूषोत्तमदास बोहरा ने भ्रष्टाचार को विकास में बाधक बताते हुए इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक जागरूकता और सत्यनिष्ठा को आवश्यक बताया।

बोहरा ने कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए भ्रष्टाचार का खात्मा जरूरी है। भ्रष्टाचार एक ऐसी दीमक है , जो किसी भी व्यवस्था को अंदर से खोखला कर देती है। बाहर से मजबूत दिखाई देने वाली इमारत भी अंदर से खोखली होने पर कभी भी ढह सकती है। इसी प्रकार भ्रष्टाचार संस्थानों और व्यवस्थाओं की नींव को कमजोर कर देता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में केसीसी महाप्रबंधक (सांद्रण) वीके इंद्रा एवं जयंत मुखोपाध्याय मौजूद रहे। अध्यक्षता सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) देवेंद्र वर्मा ने की। सहायक महाप्रबंधक देवेंद्र वर्मा ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें आठ स्कूलों के 16 विद्यार्थियों के साथ केसीसी में कार्यरत कर्मचारियों के आश्रितों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं परिवारजनों को ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

केसीसी कर्मचारियों के परिवारजनों के लिए आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में दिव्या प्रभा जोशी ने प्रथम, ज्योतिर्मयी साहू ने द्वितीय तथा कविता पंडोले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बच्चों की स्लोगन प्रतियोगिता में दिव्याषा साहू प्रथम, इशिका पारीक द्वितीय तथा एंवशिका करारिया तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय स्तर पर आयोजित हिंदी निबंध प्रतियोगिता में सोफिया स्कूल की छात्रा इशिका पारीक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

माधव विद्या स्कूल की प्रीति द्वितीय तथा केंद्रीय विद्यालय (केवी) के यशराज तृतीय स्थान पर रहे। समारोह में अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को जीवन एवं कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर भूपेश बंबोरिया, कमलेश कुमार, डॉ. दीपिका खुराना, मोहम्मद उस्मान, रामनाथ गरई, राजेश डांढेल, अभिषेक पारीक, मुन्नालाल जैदिया, इंद्रा कुमार, आनंद पाण्डे, दीपक करारिया, धर्मपाल कुमावत, विमल शर्मा, बाबूलाल सैनी, अनूप, लक्ष्मी, संजय जिंदड़ एवं मनोज लमोरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement