Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं अंग्रेजी वाद-विवाद में एसएस मोदी की भवि सुगंध का जलवा , बनीं...

अंग्रेजी वाद-विवाद में एसएस मोदी की भवि सुगंध का जलवा , बनीं बेस्ट स्पीकर

झुंझुनूं के एसएस मोदी विद्या विहार की छात्रा भवि सुगंध अखिल भारतीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में बेस्ट स्पीकर का पुरस्कार प्राप्त करते हुए

अखिल भारतीय प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर जीते 11 हजार रूपये , टीम स्पर्धा में भी एसएस मोदी विद्या विहार ने हासिल किया दूसरा स्थान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
अंग्रेजी वाद-विवाद के मंच पर अपनी तार्किक क्षमता, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और विषय की गहरी समझ का परिचय देते हुए झुंझुनूं के एसएस मोदी विद्या विहार की छात्रा भवि सुगंध ने शानदार सफलता हासिल की है। नीम का थाना स्थित गुढ़ा पब्लिक स्कूल में आयोजित अखिल भारतीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में भवि सुगंध ने व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर बेस्ट स्पीकर का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय का नाम रोशन हुआ है।

प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विद्यालयों की 24 टीमों के 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समसामयिक परिस्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय ‘टेक्नोलॉजी एंड ह्यूमैनिटी-इज ह्यूमन प्रोग्रेस कमिंग एट द कॉस्ट ऑफ ह्यूमन वैल्यूज?’ यानी ‘प्रौद्योगिकी और मानवता- क्या मानवीय मूल्यों की कीमत पर हो रही है मनुष्य की प्रगति?’ पर प्रतिभागियों ने अपने विचार और तर्क प्रस्तुत किए।

स्पर्धा में भवि सुगंध ने विषय के विपक्ष में अपने विचार रखते हुए प्रतिद्वंद्वी प्रतिभागियों को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने अपने तार्किक पक्ष और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 11 हजार रूपये की नकद राशि, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, पक्ष श्रेणी की व्यक्तिगत स्पर्धा में विद्यालय की छात्रा निकिता ने दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ी। उन्हें 1100 रूपये की नकद राशि और प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

दोनों छात्राओं की सफलता पर विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा में प्राचार्य विजय मसीह ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस तरह के मंच विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, भाषा कौशल और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी इन छात्राओं की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यालय के शिक्षकगण ने भी भवि सुगंध और निकिता को बधाई देते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन और टीम स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए गर्व की बात है।

छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी, विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल एवं अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल ने भवि सुगंध और निकिता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के वातावरण को दर्शाती हैं।अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में भवि सुगंध का बेस्ट स्पीकर बनना और एसएस मोदी विद्या विहार की टीम का दूसरा स्थान हासिल करना झुंझुनूं के शैक्षणिक जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Advertisement