खेतड़ी में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट का प्लास्टिक मुक्त अभियान, दुकानदारों और महिलाओं को थैले बांटकर स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेतड़ी कस्बे में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दुकानदारों एवं महिलाओं को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। ट्रस्ट सदस्यों ने लोगों को प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में कपड़े के थैलों को अपनाने का आह्वान किया।
ट्रस्ट के तहसील प्रभारी मुकेश कुमार सैनी ने बताया कि प्लास्टिक की थैलियों का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण प्रदूषण की गंभीर समस्या बनता जा रहा है। प्लास्टिक कचरा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा होने से गंदगी फैलती है। इससे नालियां अवरूद्ध होने के साथ आमजन को भी परेशानी होती है। वहीं, प्लास्टिक कचरे से मिट्टी और जल प्रदूषित होते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव प्रकृति और जीव-जंतुओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
बाजार में खरीदारी के लिए जाते समय घर से कपड़े का थैला लेकर निकलने की आदत अपनाकर प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग को कम किया जा सकता है। कपड़े के थैले बार-बार इस्तेमाल किए जा सकते हैं और प्लास्टिक का बेहतर विकल्प हैं। अभियान के दौरान दुकानदारों एवं महिलाओं को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, दुकानदारों से ग्राहकों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की गई। ट्रस्ट सदस्यों ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं प्लास्टिक के उपयोग से बचे और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
मुकेश कुमार सैनी ने आमजन से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ समाज के निर्माण में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।















