Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं को जंक्शन बनाने की मांग , सैनिक एक्सप्रेस हरिद्वार तक चलाने...

झुंझुनूं को जंक्शन बनाने की मांग , सैनिक एक्सप्रेस हरिद्वार तक चलाने की उठी आवाज

झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर अमृत जन संवाद कार्यक्रम में शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रेल सुविधाओं की मांग रखते हुए

अमृत जन संवाद में शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति ने रखीं कई मांगें , खड़की एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाने , नई ट्रेनें शुरू करने और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शेखावाटी में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरूवार को झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर अमृत जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याएं रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। समिति ने झुंझुनूं रेलवे स्टेशन को खेतड़ी, मंडावा, बिसाऊ, सादुलपुर और उदयपुरवाटी से जोड़कर जंक्शन बनाने, सैनिक एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक करने तथा हिसार-खड़की एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

रेलवे अधिकारियों ने समिति के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। अमृत जन संवाद में समिति ने सैनिक एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक करने तथा जयपुर जाते समय नूआं रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग रखी। हिसार-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस में सेकंड स्लीपर श्रेणी के पांच अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने, सूरत और बोरीवली में ठहराव शुरू करने तथा ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की मांग भी की गई। इसके अलावा हिसार-खड़की एक्सप्रेस में डिब्बों की संख्या बढ़ाकर इसे दैनिक संचालित करने पर जोर दिया गया।

समिति ने झुंझुनूं होकर जोधपुर-दिल्ली, जयपुर-कोलकाता, जयपुर-गुवाहाटी, हिसार-अहमदाबाद-मुंबई, जयपुर-लोहारू, लोहारू-जयपुर और लोहारू-सवाई माधोपुर के बीच नई ट्रेनें शुरू करने की मांग उठाई। साथ ही बिसाऊ, रतन शहर और नूआं रेलवे स्टेशनों पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू करने की आवश्यकता बताई। समिति पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में शौचालय बनाने तथा नई बिल्डिंग में बने पे एंड यूज टॉयलेट, एसी वेटिंग हॉल, क्लॉक रूम और रेस्टोरेंट की सुविधाएं जल्द शुरू करने की मांग की।

इसके साथ ही रेलवे स्टेशन से गुढ़ा फाटक तक पटरी के दोनों ओर फेंसिंग करवाने और स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी गई। रेलवे में ठेकेदारी प्रथा बंद करने तथा रेल यात्रियों को जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में रेलवे के परिवहन निरीक्षक राजेन्द्र तंवर, सीआरएस सुरेश यादव, स्टेशन मैनेजर नरेन्द्र गहलोत और जीआरपी के एएसआई राजेश यादव ने शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।

समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में चन्द्रप्रकाश धूपिया, श्रवण कुमार गोयनका, अली हसन परवेज, जाकिर अब्बासी, जुल्फिकार अली खान, अनिल शर्मा, विनोद खन्ना, भोपाल सिंह पटवारी, कैप्टेन मोहनलाल और रामप्रताप आर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने रेलवे अधिकारियों का स्वागत किया और यात्रियों की समस्याओं एवं मांगों से अवगत करवाया।

Advertisement