सुबह मां ने रूममेट को फोन कर बेटे से बात कराने को कहा, दरवाजा खोलने पर सामने आया मामला , हरियाणा के कौसली का रहने वाला था 28 वर्षीय आशीष यादव
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर स्थित जीटी हॉस्टल में केसीसी प्रोजेक्ट के कंसनट्रेटर प्लांट में कार्यरत ट्रेनी मैकेनिकल इंजीनियर आशीष यादव (28) की मौत का मामला सामने आया है। हरियाणा के कौसली निवासी आशीष पुत्र अश्वनी कुमार का शव सोमवार सुबह उसके कमरे में मिला। घटना की सूचना पर खेतड़ीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मां ने रूममेट को फोन कर बेटे से बात कराने को कहा
जानकारी के अनुसार, आशीष यादव ने 4 अगस्त 2026 को केसीसी प्रोजेक्ट के कंसनट्रेटर प्लांट में ट्रेनी मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर ज्वाइन किया था। वह केसीसी के आवासीय परिसर स्थित क्वार्टर नंबर आठ में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब सात बजे आशीष की मां ने हॉस्टल में रहने वाले उसके रूममेट आयुष को फोन किया। आशीष के फोन नहीं उठाने पर उन्होंने आयुष से बेटे से बात कराने के लिए कहा।
इसके बाद आयुष आशीष के कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अन्य साथियों को बुलाया। दरवाजा खोलकर देखा तो आशीष कमरे में पंखे से लटका मिला। इस घटना से हॉस्टल परिसर में हलचल मच गई। घटना की सूचना मिलने पर खेतड़ीनगर थानाधिकारी राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। जानकारी के अनुसार, आशीष यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके माता-पिता अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। थानाधिकारी राकेश कुमार के अनुसार, आशीष की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













