Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सोना देने का झांसा , घर बुलाकर बनाया बंधक , मारपीट कर...

सोना देने का झांसा , घर बुलाकर बनाया बंधक , मारपीट कर 5 लाख रूपये छीने

झुंझुनूं के सुलताना में पांच लाख रुपये छीनने के मामले में हिस्ट्रीशीटर रजनीश डारा की गिरफ्तारी से जुड़ी पुलिस कार्रवाई

सुलताना पुलिस ने 18 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर रजनीश डारा को किया गिरफ्तार, 13-14 युवकों की मौजूदगी में वारदात को अंजाम देने का आरोप

सुलताना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सोना दिलाने का झांसा देकर घर बुलाने, बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रूपये छीनने के मामले में सुलताना थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आरोपी रजनीश डारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 18 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 21 अक्टूबर 2026 तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

70 ग्राम सोने का लालच देकर बुलाया , फिर बनाया बंधक

पुलिस के अनुसार, परिवादी राजेश कुमार ने रिपोर्ट दी कि 16 सितंबर 2026 को रजनीश डारा पुत्र विक्रम सिंह, निवासी किशोरपुरा ने अपने मोबाइल से फोन कर बताया कि उसका 70 ग्राम सोना कैप्री बैंक में रखा हुआ है। उसे बैंक से छुड़वाना है। सोने की कीमत 6 लाख 60 हजार रूपये बताते हुए आरोपी ने परिवादी को झांसे में लिया और अपने घर बुला लिया।

परिवादी के आरोप के मुताबिक, घर पहुंचने पर वहां पहले से 13-14 युवक मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने परिवादी को घर में बंधक बना लिया तथा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उससे दो लाख रूपये एक्सिस बैंक खाते में जमा करवाए गए और तीन लाख रूपये नकद छीन लिए गए।

खाते में जमा करवाए दो लाख, तीन लाख रूपये नकद छीने

परिवादी ने पुलिस को बताया कि दो लाख रूपये उसके भाई ने 17 सितंबर 2026 को हांसी से बैंक खाते में जमा करवाए थे। इसके अलावा तीन लाख रूपये नकद छीन लिए गए। परिवादी के अनुसार, आरोपियों के चंगुल से अपनी जान बचाकर वह वहां से निकलने में सफल रहा। उसने अपनी रिपोर्ट में आरोपी की मां के भी मौके पर मौजूद होने का उल्लेख किया है।

परिवादी की रिपोर्ट पर सुलताना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिवादी राजेश कुमार तथा गवाह मुकेश कुमार और राकेश कुमार के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का मौका नक्शा तैयार कर घटनास्थल की परिस्थितियों का विवरण दर्ज किया गया।

इसके साथ ही आरोपी रजनीश डारा के बैंक खाते के रिकॉर्ड भी प्राप्त किए गए। पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से आरोपी को 21 अक्टूबर 2026 तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कवेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में गठित टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी गौरव गुर्जर के निकट सुपरविजन में की गई। सुलताना थानाधिकारी उपनिरीक्षक रामनिवास के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई करने वाली टीम में सुलताना थानाधिकारी उपनिरीक्षक रामनिवास, सहायक उपनिरीक्षक बनवारीलाल, सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल विजेन्द्र , हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह , कांस्टेबल चिरंजीलाल , कांस्टेबल इन्द्राज , कांस्टेबल सुनील , आरटी मुकेश , कांस्टेबल प्रकाश , कांस्टेबल स्नेह , कांस्टेबल धीरेन्द्र तथा कांस्टेबल विक्रम शामिल रहे।

Advertisement