क्लब सदस्यों ने स्वयं रक्तदान कर दिया मानव सेवा का संदेश, शहरवासियों को भी किया प्रेरित
चूरू। लायंस क्लब चूरू की ओर से सेवा सप्ताह–2026 के अंतर्गत पांचवें दिन मंगलवार को संजीवनी ब्लड सेंटर, चूरू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लब सदस्यों एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया।
शिविर में क्लब सदस्य लायन सुरेन्द्र सिंह भाटी, मुकुल सिगतिया, क्लब अध्यक्ष लायन संजीव कुमार वर्मा, लायन चंद्रप्रकाश खत्री, लायन राजीव शर्मा, लायन रघुवीर सिंह गुरावा एवं लायन अशोक जांगिड़ ने स्वयं रक्तदान कर उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।शिविर में गौतम सैनी, राधेश्याम सैनी, तनेश सैनी, विकास कोठारी, फूल सिंह शेखावत, नितिन कुमार सैनी, भागीरथ सैनी, सुनील पाण्डे, प्रिंस चन्दानी एवं मनोज सैनी ने भी रक्तदान किया।
रक्तदान को बताया मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम
सेवा सप्ताह प्रभारी लायन शैलेन्द्र माथुर ने अपने संबोधन में रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। वहीं शिविर प्रभारी लायन चंद्रप्रकाश खत्री ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।इस अवसर पर लायन सुनील रंजन टकनेत, लायन डॉ. राजकुमार पूनिया, लायन राकेश सैनी, लायन कमल जांगिड़ एवं लायन सर्वेश वर्मा ने शिविर की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालते हुए सहयोग प्रदान किया।संजीवनी ब्लड सेंटर की ओर से जगदीश बेनीवाल ने लायंस क्लब चूरू एवं सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं का यह सहयोग जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे शिविर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।लायंस क्लब चूरू के सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इस रक्तदान शिविर में क्लब सदस्यों एवं रक्तदाताओं ने “रक्तदान—महादान” का संदेश दिया और समाज के अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।














