चूरू में जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यक्रम, सामाजिक संगठनों और प्रभावशाली व्यक्तियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील
चूरू। पंचायत समिति सभागार में मंगलवार को यूनिसेफ के सहयोग से जीरो डोज कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता आरसीएसएचओ डॉ. शशांक चौधरी ने की। इसका उद्देश्य टीकाकरण की एक भी खुराक नहीं लेने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण सेवाओं से जोड़ना रहा।
कार्यशाला में अधिकारियों ने कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी से टीकाकरण से वंचित बच्चों तक पहुंचना आसान होगा। इसके लिए प्रभावशाली व्यक्तियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
जीरो डोज बच्चों की पहचान पर चर्चा
कार्यशाला में जीरो डोज बच्चों की पहचान, टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि टीकाकरण को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों और झिझक को दूर करना जरूरी है, ताकि कोई भी बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित न रहे।
सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
कार्यशाला में प्रभावशाली व्यक्तियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में परिवारों को नियमित टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों का सहयोग मिलने से टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में निरंकारी मिशन के जोनल इंचार्ज शिव भगवान बजाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर अणुव्रत सेवा समिति से रचना कोठारी व ताहिर खान, मौलाना अहमद रजा, डॉ. सुमित कटारिया, समन्वयक माल सिंह चारण तथा यूएनएफपीए से ओम प्रकाश प्रजापत सहित अन्य उपस्थित रहे।













