पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर धनूरी पुलिस की कार्रवाई , बिना लाइसेंस धारदार तलवार जब्त
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायतीराज चुनाव 2026 को देखते हुए पुलिस की ओर से असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनूरी थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर लोगों में भय पैदा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तलवार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा झुंझुनूं ग्रामीण वृत्ताधिकारी नरेश कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी कंचन पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान कांस्टेबल अजीत सिंह , आसूचना अधिकारी ने सूचना दी कि चुड़ैला निवासी विक्रम पुत्र सुरेन्द्र सिंह अपने घर के सामने स्थित चौक में हाथ में तलवार लेकर घूम रहा है और तलवार लहरा रहा है। इससे मोहल्ले के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम वीणा वंदना सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चुड़ैला के पीछे स्थित चौक में पहुंची। पुलिस के मुताबिक वहां एक युवक हाथ में तलवार लेकर उसे हवा में इधर-उधर लहराता हुआ मिला।
आसपास के लोग भय के कारण अपने घरों में थे और रास्ते से लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने युवक को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम विक्रम पुत्र सुरेन्द्र सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी चुड़ैला, थाना धनूरी बताया। तलवार रखने के लाइसेंस अथवा अनुज्ञापत्र के संबंध में पूछताछ करने पर उसके पास कोई लाइसेंस या अनुज्ञापत्र नहीं होना सामने आया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर भय पैदा करने तथा बिना लाइसेंस तलवार रखने के मामले में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। तलवार को वजह सबूत के रूप में जब्त कर आरोपी विक्रम को गिरफ्तार किया गया।
मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी कंचन , सुरेन्द्र सिंह सहायक उपनिरीक्षक, कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार , सोहनलाल , अजीत सिंह , मानसिंह तथा कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे। पुलिस ने कार्रवाई में कांस्टेबल सोहनलाल और अजीत सिंह के विशेष योगदान का उल्लेख किया है।












