कपास खरीदने के बहाने खेत में पहुंचे थे आरोपी, वारदात के बाद नाडोल की ओर भागने की सूचना; पुलिस ने शुरू की तलाश
पाली।प्रहलाद सिंह चारण
देसूरी थाना क्षेत्र की कोटड़ी ग्राम पंचायत में बेरा ढीमड़ा-कोटड़ी रोड पर खेत में काम कर रही एक महिला से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन युवक कपास खरीदने के बहाने महिला के पास पहुंचे और बातचीत के दौरान मौका देखकर उसके कानों से सोने की टोटियां और एक बोर छीनकर फरार हो गए।पीड़िता की पहचान मोनकी पत्नी तेजाराम सीरवी (55) के रूप में हुई है। वारदात के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
कपास खरीदने के बहाने पहुंचे बदमाश
जानकारी के अनुसार तीनों युवक स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार होकर खेत में पहुंचे थे। उन्होंने महिला से कपास खरीदने के संबंध में बातचीत की। इसी दौरान मौका पाकर आरोपियों ने महिला के कानों से दो सोने की टोटियां और एक बोर छीन लिया और बाइक से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक युवक ने सफेद शर्ट पहन रखी थी, जबकि बाइक के बीच में बैठे युवक ने मास्क लगा रखा था। वारदात के बाद तीनों के नाडोल की ओर भागने की सूचना सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही देसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस आसपास के मार्गों और क्षेत्र में आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।










