मधुर सुपर स्पेशल शिक्षण संस्थान में दिव्यांग बच्चों को बांटे स्कूल बैग व स्टेशनरी, ‘अपनी पाठशाला’ में शिक्षा से वंचित बच्चों के साथ साझा की खुशियां
चूरू। नगर परिषद चूरू के सभापति विनय गोयनका ने अपना जन्मदिन सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ मनाया। जन्मदिन के अवसर पर वे मधुर सुपर स्पेशल शिक्षण संस्थान पहुंचे और दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताकर उनके बीच खुशियां साझा कीं।
इस दौरान सभापति विनय गोयनका ने दिव्यांग बच्चों को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। बच्चों के साथ बिताए गए पलों ने जन्मदिन के आयोजन को विशेष और यादगार बना दिया। इसके बाद सभापति झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले शिक्षा से वंचित बच्चों के लिए संचालित ‘अपनी पाठशाला’ पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया और उन्हें स्टेशनरी सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
जरूरतमंद बच्चों की मुस्कान में सार्थक होती है खुशी
इस अवसर पर विनय गोयनका ने कहा कि जन्मदिन की खुशी तब और अधिक सार्थक हो जाती है, जब हमारी खुशियों में जरूरतमंद बच्चों की मुस्कान शामिल हो। शिक्षा से वंचित और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के बीच समय बिताकर उन्हें सहयोग प्रदान करना उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है।उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आना चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से दूर न रहे।गोयनका ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्य निरंतर किए जाते रहें और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में शिक्षा एवं खुशियों की एक छोटी-सी वजह बन सकें।












