भजन, भाषण, कविता और लघु नाटकों के जरिए सत्य-अहिंसा व ‘जय जवान, जय किसान’ का दिया संदेश , प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
झुंझुनूं।अजीत जांगिड
गणपति नगर स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ एवं ज्योति ढूकिया ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गांधीजी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ एवं ‘रघुपति राघव राजा राम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। भजनों की प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर को श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से भर दिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविताओं एवं लघु नाटकों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन चरित्र तथा देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा शास्त्रीजी के प्रेरणादायी ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इन महापुरूषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह नजर आया। विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी रचनात्मक एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, योगेन्द्र सिंह, अनिता, प्रमोद चौधरी, अनिता, शारीरिक शिक्षक विजय चौधरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












