Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं अस्पतालों के आसपास ‘खाद्य सुरक्षा’ के दावों की खुली पोल!

अस्पतालों के आसपास ‘खाद्य सुरक्षा’ के दावों की खुली पोल!

झुंझुनूं में अस्पतालों के आसपास खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और अवधिपार खाद्य सामग्री पर कार्रवाई

जांच में कहीं अवधिपार चीज-कैचअप-मोजिटो मिला तो कहीं स्वच्छता और जरूरी दस्तावेज गायब , मौके पर ही 3 प्रतिष्ठानों के रजिस्ट्रेशन—खाद्य विभाग की कार्रवाई ने व्यवस्थाओं पर उठाए गंभीर सवाल

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए आसपास मिलने वाला भोजन कितना सुरक्षित है, इसे लेकर खाद्य विभाग के विशेष निरीक्षण अभियान ने चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने रखी है। अस्पतालों के आसपास संचालित खाद्य दुकानों, कैंटीन और रेस्टोरेंट की जांच के दौरान न केवल खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां मिलीं, बल्कि एक प्रतिष्ठान पर अवधिपार खाद्य सामग्री भी मिली, जिसे विभाग ने मौके पर ही नष्ट करवाया। वहीं कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट तक उपलब्ध नहीं मिली।

इससे अस्पतालों के आसपास खाद्य कारोबार में निगरानी और मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के आदेश पर चलाए जा रहे ‘अस्पतालों के आसपास विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान’ के तहत खाद्य विभाग की टीम ने नवलगढ़ के राजकीय अस्पताल, श्री हरि अस्पताल तथा इनके आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों, कैंटीन और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। अभिहित अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

मौके पर मिली कमियां, अधिकारियों की मौजूदगी में करवाया सुधार

निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को अधिकारियों की मौजूदगी में तत्काल दुरूस्त करवाया गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के खाद्य रजिस्ट्रेशन मौके पर ही बनाए गए। यह तथ्य अपने आप में अस्पतालों के आसपास संचालित खाद्य कारोबार में नियामकीय अनुपालन की स्थिति पर सवाल खड़ा करता है। हालांकि विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की।

जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. निक्की चौधरी, महेंद्र चतुर्वेदी, विनोद कुमारी एवं नेमीचंद मीणा शामिल रहे। इसी अभियान के तहत 25 सितंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा, केके फुलवा एवं दीपेंद्र सिंह शेखावत की टीम ने राजकीय मेडिकल कॉलेज झुंझुनूं की भोजनशाला, गोविन्दम स्वीट्स एवं फास्ट फूड, सुल्ताना सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

हरनारायण अस्पताल के पास स्थित गोविन्दम स्वीट्स एवं फास्ट फूड की जांच के दौरान विभाग को 800 ग्राम अवधिपार चीज, 2.4 किलोग्राम टोमेटो कैचअप और 750 एमएल मोजिटो मिंट मिला। विभाग ने इन सभी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। अस्पताल के आसपास खाद्य कारोबार में इस तरह की अवधिपार सामग्री का मिलना स्वाभाविक रूप से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा करता है। खासकर तब, जब इन प्रतिष्ठानों से मरीजों और उनके परिजनों को सीधे खाद्य सामग्री उपलब्ध होती है।

स्वास्थ्य प्रमाण पत्र से लेकर पानी की जांच रिपोर्ट तक नहीं मिली

मामला सिर्फ अवधिपार खाद्य सामग्री मिलने तक सीमित नहीं रहा। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। इन दस्तावेजों का मौके पर उपलब्ध नहीं होना खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में गंभीर कमी को दर्शाता है। विभाग ने संबंधित संचालक को एफएसएस एक्ट 2006 की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब इनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जांच में लिए गए नमूनों की गुणवत्ता निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर कितनी खरी उतरती है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पतालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों में अवधिपार सामग्री मिलना और जरूरी प्रमाण पत्र व जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होना महज कागजी कमियां मानकर नजरअंदाज करने का विषय नहीं है।

अस्पताल परिसर और उसके आसपास भोजन करने वाले लोगों में बड़ी संख्या मरीजों और उनके परिजनों की होती है। ऐसे में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन विशेष महत्व रखता है। खाद्य विभाग की कार्रवाई ने फिलहाल कमियों को सामने लाकर उन्हें सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन असली कसौटी यह होगी कि सुधार सिर्फ निरीक्षण के दिन तक सीमित रहता है या अस्पतालों के आसपास खाद्य कारोबार पर लगातार प्रभावी निगरानी भी दिखाई देती है।

Advertisement