राजोता के हीरामल जी मंदिर परिसर की घटना, भामाशाह रामनिवास लादी ने लगवाया था कूलर; ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की
खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
उपखंड क्षेत्र के राजोता गांव स्थित हीरामल जी मंदिर परिसर में जनसेवा के उद्देश्य से लगाया गया वाटर कूलर उखाड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। गर्मी के मौसम में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और ग्रामीणों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भामाशाह रामनिवास लादी की ओर से यह वाटर कूलर लगवाया गया था। कूलर हटाए जाने की घटना से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अलावा आसपास के गांवों से आने-जाने वाले राहगीर पहुंचते हैं। आमजन की सुविधा को देखते हुए भामाशाह रामनिवास लादी ने यहां वाटर कूलर लगवाया था। इससे गर्मी के दिनों में लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध हो रहा था और श्रद्धालुओं सहित राहगीरों को काफी राहत मिल रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने वाटर कूलर को उखाड़ दिया। जनहित में लगाए गए पेयजल संसाधन को इस तरह हटाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब वाटर कूलर किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आमजन की सुविधा और जनसेवा के उद्देश्य से लगाया गया था तो उसे उखाड़ने की जरूरत क्यों पड़ी । ग्रामीणों का कहना है कि समाजसेवियों और भामाशाहों की ओर से आमजन की सुविधा के लिए किए जाने वाले कार्यों से लोगों को राहत मिलती है। ऐसे संसाधनों को नुकसान पहुंचाने या हटाने की घटनाएं जनसेवा के कार्यों को हतोत्साहित करने वाली हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी व्यक्ति का पता लगाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई कैलाश चंद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर वाटर कूलर उखाड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा वाटर कूलर को पुनः स्थापित करवाने की मांग की है, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और आमजन को फिर से पेयजल की सुविधा मिल सके।
#KHETRI, #WATERCOOLER, #RAJOTA, #JANSEVA, #HEERAMALJITEMPLE, #SOCIALSERVICE, #JHUNJHUNU, #LOCALNEWS, #POLICENEWS, #INTERVIEWERINDIA,













