Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने सुनीं जनशिकायतें, त्वरित निस्तारण के...

झुंझुनूं में एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने सुनीं जनशिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश

झुंझुनूं में एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने सुनीं जनशिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश

सदर व कोतवाली क्षेत्र के परिवादियों की समस्याएं सुनकर एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने पुलिस थाना सदर झुंझुनूं में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। सदर एवं कोतवाली थाना क्षेत्र से पहुंचे परिवादियों ने विभिन्न समस्याओं एवं परिवादों से एसपी कावेन्द्र सिंह सागर को अवगत कराया। एसपी ने प्रत्येक परिवादी की बात सुनकर संबंधित पुलिस अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी ली और नियमानुसार त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत , वृताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका , कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार पुनि., सदर थानाधिकारी बिमला बुडानिया पुनि. तथा अपराध सहायक कार्यालय पुलिस अधीक्षक रणजीत सिंह सेवदा मौजूद रहे।

शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों एवं परिवादों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जनसुनवाई के दौरान परिवादियों को उनकी समस्याओं के निस्तारण के संबंध में आवश्यक आश्वासन भी दिया गया। एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं थाना स्टाफ को आमजन के साथ बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया। जनसुनवाई के दौरान एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पुलिस मुख्यालय जयपुर से प्राप्त साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझावों की जानकारी देते हुए संचार साथी पोर्टल के माध्यम से अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच करने की सलाह दी। इसके अलावा व्हाट्सएप की 7 जरूरी सेफ्टी टिप्स , क्विक मनी स्कीम तथा साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों से सतर्क रहने की अपील की। एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने आमजन से साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सावधानी बरतने का संदेश दिया।

हेलमेट-सीट बेल्ट की पालना और नशे से दूर रहने का आह्वान

एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने यातायात नियमों की पालना को लेकर भी आमजन को जागरूक किया। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आमजन से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति स्वयं जागरूक रहने और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए समझाइश एवं जागरूक करने का आह्वान किया। जनसुनवाई में पुलिस और आमजन के बीच सीधे संवाद के साथ शिकायतों के त्वरित समाधान और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता पर विशेष जोर रहा।

Advertisement