Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह, होंगे जनजागरूकता...

झुंझुनूं में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह, होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम

झुंझुनूं में समाज कल्याण सप्ताह के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम

1 से 7 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम, वृद्धजनों के सम्मान से लेकर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग वितरण तक होंगे आयोजन

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से जिले में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया कि समाज कल्याण सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, विशेष योग्यजन, महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर आमजन को जागरूक किया जाएगा।

वृद्धजनों के सम्मान से होगा शुभारंभ

1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर पेंशनर समाज भवन, झुंझुनूं में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा। वहीं प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर पात्र वृद्धजनों की नई पेंशन स्वीकृतियां जारी की जाएंगी।

2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं विशेष स्वच्छता अभियान होगा। अनुसूचित जाति कल्याण दिवस के तहत अनुसूचित जाति बस्तियों में बिजली एवं पेयजल से संबंधित तकनीकी समस्याओं के निस्तारण के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।

3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस पर जिला कारागृह परिसर में बंदियों की समस्याओं तथा परिवीक्षा अधिनियम को लेकर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी।

4 अक्टूबर को बाल दिवस के अवसर पर विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं राजकीय डॉ. अंबेडकर छात्रावासों में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होंगे। छात्रावासों एवं निराश्रित बालगृहों का निरीक्षण करने के साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

5 अक्टूबर को महिला एवं बालिका कल्याण दिवस के तहत महिलाओं की समस्याओं पर विचार गोष्ठियां आयोजित होंगी। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस पर दहेज प्रथा, बाल विवाह एवं मृत्यु भोज सहित विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ विचार गोष्ठियां, रैलियां एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नशामुक्ति को लेकर भी गोष्ठी एवं रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
समाज कल्याण सप्ताह का

7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस के अवसर पर समापन होगा। इस दौरान विशेष योग्यजनों को कृत्रिम अंग एवं आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाकर सहायता प्रदान की जाएगी। सप्ताह के माध्यम से विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Advertisement