सुमित रणवां बोले—विकास की गति को बनाए रखने के लिए 11 सितम्बर को बांसुरी का बटन दबाएं
हनुमानगढ़ । हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नम्बर 07 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी सुमित रणवां के समर्थन में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में वार्डवासियों एवं समर्थकों ने उत्साह के साथ भाग लिया और प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की गई।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में विकास को लेकर लगातार प्रयास किए गए तथा विभिन्न क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य हुआ है। विकास कार्यों के चलते शहर की तस्वीर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि विधायक गणेशराज बंसल के नेतृत्व में शहर की दशा और दिशा बदलने का काम हुआ है। शहर में विकास की जो गति बनी है, उसे आगे भी निरंतर जारी रखने के लिए नगर परिषद में मजबूत बोर्ड का गठन आवश्यक है। उन्होंने वार्डवासियों से आगामी 11 सितम्बर को बांसुरी के चुनाव चिन्ह वाला बटन दबाकर निर्दलीय प्रत्याशी सुमित रणवां के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
सुमित रणवां ने कहा कि वार्डवासियों का सहयोग और समर्थन ही क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ नगर परिषद के समक्ष उठाने तथा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
इस दौरान समर्थकों एवं वार्डवासियों ने सुमित रणवां को लड्डुओं से तौलकर अपना समर्थन एवं उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक मतदाताओं से बांसुरी के चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील करने का संकल्प लिया। सभा के दौरान समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।













