Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ अल्फ्रेड नोबेल सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

अल्फ्रेड नोबेल सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

रक्षाबंधन पर टाउन थाने में मनाया भाईचारे और सुरक्षा का पर्व, एसएचओ लखवीर सिंह ने बच्चों को दिया सुरक्षा का भरोसा

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अल्फ्रेड नोबेल सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने टाउन पुलिस थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ भाईचारे, सम्मान और विश्वास का अनूठा पर्व मनाया। विद्यालय की छात्राओं ने थाना प्रभारी (एसएचओ) लखवीर सिंह सहित थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनकी लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की। बच्चों की इस आत्मीय पहल से थाना परिसर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय और भावुक हो उठा। रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन का उद्देश्य समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना था। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को अपना भाई मानते हुए राखी बांधी और उनके सुरक्षित एवं सफल जीवन की प्रार्थना की। वहीं पुलिसकर्मियों ने भी स्नेहपूर्वक बच्चों का आशीर्वाद लिया और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। थानाधिकारी लखवीर सिंह ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा समाज की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को उपहार भी भेंट किए और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तैयार रहेगी। राखी बांधने के बाद बच्चों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों का मुंह मीठा कराया। पुलिसकर्मियों ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। विद्यालय के निर्देशक अमित मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। विद्यालय संचालक रामबाबू साहू और प्रधानाचार्य काजल साहू ने बताया कि विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति सम्मान और जनसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं कांति मिश्रा, लक्ष्मी, मीनू, सपना और पूजा सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से थानाधिकारी लखवीर सिंह के साथ थाने के अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस जवान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। यह आयोजन बच्चों और पुलिस के बीच विश्वास, सम्मान और अपनत्व का सुंदर संदेश देकर यादगार बन गया।

2 साल से अलग दंपती फिर साथ आए ❤️ | काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद | Churu News

 

Advertisement