जिला परिषद सभागार में रिटर्निंग अधिकारियों और प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक; मतदान केंद्रों से लेकर सुरक्षा और मतगणना व्यवस्था तक की समीक्षा
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


चूरू। नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को जिला परिषद सभागार में रिटर्निंग अधिकारियों और विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारियों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में एसपी निश्चय प्रसाद एम सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और आपसी समन्वय मजबूत रखने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों की सुविधाओं पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। इसके साथ ही मतदान दलों का गठन एवं प्रशिक्षण, मतदाता सूचियां, ईवीएम, निर्वाचन सामग्री, कार्मिक प्रबंधन, परिवहन, संचार व्यवस्था और मतगणना केंद्र से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चुनावी प्रक्रिया के किसी भी चरण में यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
एसपी निश्चय प्रसाद एम ने जिले में कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वीप गतिविधियों की भी हुई समीक्षा
बैठक में एडीएम अर्पिता सोनी ने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। वहीं सीईओ श्वेता कोचर ने स्वीप कार्यक्रम और मतदाता जागरूकता गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







