माकपा ने थाने पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, रात्रि गश्त बढ़ाने और पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार की उठाई मांग
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


हनुमानगढ़ ।हिमांशु मिड्ढा
शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार, चोरी और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) हनुमानगढ़ के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की ओर से थानाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आमजन को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की गई।ज्ञापन में माकपा ने कहा कि हनुमानगढ़ शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चिट्टा, नशीली गोलियों सहित विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। नशे के बढ़ते जाल से विशेष रूप से युवा प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनके परिवारों में भी चिंता का माहौल है। पार्टी ने मांग की कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर शहर और ग्रामीण क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी अभियान चलाया जाए।ज्ञापन में हनुमानगढ़ टाउन रेलवे स्टेशन के आसपास रात के समय यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। माकपा ने आरोप लगाया कि रात में आने वाली ट्रेनों से उतरकर स्टेशन से बाहर निकलने वाले अकेले यात्रियों का कुछ असामाजिक तत्व पीछा करते हैं तथा मौका मिलने पर उनके साथ मारपीट कर रुपये, मोबाइल और आभूषण सहित कीमती सामान छीनने की घटनाएं होती हैं। ऐसी घटनाओं से आमजन में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
पार्टी ने रेलवे स्टेशन एवं शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में गुरध्यान सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी गुरुसर की ओर से 16 अगस्त 2026 को सीआई के नाम प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र का उल्लेख करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई।माकपा ने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार, चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।इस मौके पर रामेश्वर वर्मा, आत्मा सिंह, बहादुर सिंह चौहान, शेर सिंह शाक्य, बसंत सिंह, चंद्रकला वर्मा, सुरेंदर शर्मा, बलदेव सिंह सरपंच, हरजी वर्मा, देवीलाल, सुल्तान खान, जितेंद्र दास, गुरुप्रेम सिंह, सुरेश दास, सुरेश जोड़किया, मुक्कदर अली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन मौजूद थे।















