हनुमानगढ़ टाउन में श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ

भक्तिमय माहौल में निकली विशाल कलश यात्रा, सावन मास में शिव कथा श्रवण से होता है दुखों का नाश

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिड्ढा
श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास, हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में रविवार, 16 अगस्त 2026 से संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का शानदार आगाज हुआ। यह पावन आयोजन 24 अगस्त तक चलेगा, जिसकी शुरुआत रविवार सुबह एक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा के साथ की गई। कलश यात्रा के दौरान पूरे शहर का माहौल शिवमय हो गया।
रविवार प्रातः 9:00 बजे श्री फाटक गौशाला, बरकत कॉलोनी से इस पवित्र कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा शुरू होने से पूर्व मुख्य यजमान राजेश कुमार शर्मा ने सपत्नीक पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और शिव महापुराण कथा (पवित्र ग्रंथ) को बड़े ही आदर के साथ अपने सिर पर धारण किया। इसके पश्चात, भारी संख्या में महिलाओं ने अपने सिर पर मंगल कलश और हाथों में धर्म ध्वजा लेकर यात्रा निकाली। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी, जहां महिलाएं मंगल गीत गाती और भजनों पर नाचती-झूमती नजर आईं। अंत में यह कलश यात्रा बस स्टैंड स्थित श्री सनातन धर्म महावीर दल मंदिर (कथा स्थल) पर पहुंचकर संपन्न हुई।

दोपहर 2:30 बजे से बहेगी ज्ञान गंगा

श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास के अध्यक्ष प्रेम रतन पारीक ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कथा का वाचन प्रख्यात कथा व्यास श्री गोपाल सुदामा जी के मुखारविंद से किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस 9 दिवसीय ज्ञान यज्ञ का समापन 25 अगस्त 2026 को विशाल हवन एवं पूर्ण आहुति के साथ होगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन में स्वर्गीय श्री महावीर प्रसाद शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती अंजू शर्मा द्वारा विशेष और पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

सुख-समृद्धि का मार्ग है शिव महापुराण

इस अवसर पर न्यास के सचिव प्रहलाद गुप्ता ने सावन माह में शिव आराधना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सावन के इस पवित्र महीने में श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने से मनुष्य के सभी जन्मों के दुखों का नाश होता है। भगवान भोलेनाथ की कृपा से घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है और धन-धान्य की कभी कोई कमी नहीं रहती। न्यास ने शहर की सभी धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे सावन माह में आयोजित हो रही इस शिव महापुराण कथा में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर श्रवण करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।

चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित