कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, एफआईआर में त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा की उठाई मांग
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
पुलिस थाना पल्लू में दर्ज एफआईआर संख्या 0149/2026 में त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले के आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की गई।ज्ञापन में केलनियां निवासी चुन्नीलाल पुत्र बागाराम ने बताया कि उसका भतीजा राजूराम पुत्र उदाराम केलनियां स्थित सावरों सेठ होटल में होटल मालिक के पास ड्राइवरी का कार्य करता था। आरोप है कि राजूराम अपने काम के बकाया पैसे लेने के लिए होटल गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट करते हुए लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। घटना के संबंध में पुलिस थाना पल्लू में एफआईआर संख्या 0149/2026 दर्ज करवाए जाने की बात ज्ञापन में कही गई है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि होटल संचालक ओमप्रकाश पुत्र हंसराज के होटल में कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित होती हैं। इनमें देह व्यापार, नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सट्टे जैसी गतिविधियों के आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और राजनीतिक पहुंच होने के कारण उसे पुलिस एवं न्यायिक कार्रवाई का भय नहीं है।चुन्नीलाल ने ज्ञापन में बताया कि 10 अगस्त को उसका भतीजा एफआईआर दर्ज करवाने के लिए पुलिस थाना पल्लू गया था। आरोप है कि वहां भी आरोपी ने उसके भतीजे को धमकी देते हुए कहा कि वह एक बार तो बच गया, लेकिन उसे एक दिन जान से मार देगा। इस कथित धमकी के बाद परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। परिजनों को आशंका है कि आरोपी कभी भी राजूराम पर दोबारा जानलेवा हमला कर सकता है।कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर में निष्पक्ष एवं त्वरित जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष को किसी प्रकार का भय नहीं रहना चाहिए और यदि किसी व्यक्ति द्वारा धमकी दी गई है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।ज्ञापन सौंपने के दौरान सतवीर कस्वा, गोपीराम सरपंच प्रतिनिधि, ओमप्रकाश कस्वा, विकास कस्वा, धर्मपाल साहू, रामलाल, हरचंद साहू, इन्द्राज, प्रताप बेनीवाल, भंवरलाल साहू, गोपीराम ढाका, विकास ढाका एवं लालचंद साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।













