एसएस मोदी विद्या विहार में सजा सावन का रंग, ‘लहरिया-5.0’ में झूमीं 600 से अधिक महिलाएं

हरियाली तीज पर दिखी राजस्थानी लोक संस्कृति की मनमोहक छटा, घूमर-लोकगीत, झूले और रंगारंग कार्यक्रम बने आकर्षण

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में सोमवार को राजस्थान के पारंपरिक लोकपर्व हरियाली तीज महोत्सव ‘लहरिया-5.0’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उमंग के साथ किया गया। सावन की फुहारों और राजस्थानी संस्कृति के रंगों से सजे इस आयोजन में शहर की 600 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में की गई भव्य सजावट, रंग-बिरंगी राजस्थानी वेशभूषा, लोकगीत, घूमर नृत्य, झूले और मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे वातावरण को सावन के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद राजस्थानी लोक संस्कृति और तीज की पारंपरिक परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। राजस्थान की प्रसिद्ध लोक गायिका पूजा जांगिड़ ने मधुर राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को संगीतमय बना दिया। उनके गीतों पर महिलाओं ने जमकर उत्साह दिखाया। ऑर्केस्ट्रा की धुनों के साथ राजस्थानी लोकगीतों पर महिलाओं ने घूमर नृत्य किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं ने तीज उत्सव को खास बना दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन भारती ने प्रभावी ढंग से किया। महोत्सव में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। झूला-झूलना, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेहंदी, कजरा और गजरा विशेष आकर्षण रहे। विद्यालय परिसर में बनाए गए विशेष सेल्फी कॉर्नर पर महिलाओं ने तस्वीरें खिंचवाकर तीज महोत्सव की यादों को संजोया। मेहंदी से सजे हाथों और पारंपरिक राजस्थानी श्रृंगार ने आयोजन की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ना जरूरी : मनीष अग्रवाल

विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में युवा पीढ़ी धीरे-धीरे अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक पर्वों से दूर होती जा रही है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि तीज राजस्थान की आस्था, प्रेम, सौंदर्य और उमंग का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्या अग्रवाल, हर्षिनी कुलहरी, सोनू जांगिड़, डॉ. स्मीता तोमर, डॉ. अनुश्री एवं साक्षी जांगिड़ सहित अन्य अतिथियों एवं आगंतुक मातृशक्ति का सम्मान किया गया। शहर की गणमान्य महिला अधिकारियों एवं विशिष्ट महिलाओं की मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी। वहीं महोत्सव के अवसर पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम का आयोजन इन्फिनिटी ग्लो ब्यूटी सैलून, अनुश्री डायग्नोस्टिक सेंटर, शिवम अस्पताल एवं श्री नवरंग ज्वैलर्स के प्रायोजन से किया गया। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी, लोकगीतों की मधुर धुन, घूमर की थाप और राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक झलकियों ने ‘लहरिया-5.0’ को यादगार बना दिया।

तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament

चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार