मजदूर-किसान मांगों को लेकर खेतड़ी में एटक का जोरदार प्रदर्शन

चार श्रम संहिताएं वापस लेने, एमएसपी की कानूनी गारंटी और किसानों की कर्जमाफी की उठी मांग; राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
मजदूरों और किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को खेतड़ी में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस यूथ एटक के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मजदूरों और किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस यूथ एटक के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चार श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग उठाते हुए कहा कि श्रम कानूनों में किए गए बदलावों से श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए श्रम कानूनों को मजबूत करने की मांग की। ज्ञापन में किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने तथा किसानों को उनकी लागत पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही किसानों के कर्ज माफ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डीजल, खाद, बीज और कीटनाशकों की बढ़ती कीमतों से किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कृषि लागत को नियंत्रित करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। फसल बीमा योजना में किसानों की अनिवार्य भागीदारी समाप्त करने तथा लंबित बीमा क्लेम का तत्काल भुगतान करने की मांग भी रखी गई। एटक कार्यकर्ताओं ने मंडी व्यवस्था में निजी कंपनियों के हस्तक्षेप पर रोक लगाने और एमएसपी पर सरकार द्वारा 100 प्रतिशत फसल खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कृषि कार्यों के लिए मुफ्त अथवा सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के साथ प्रतिदिन आठ घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे, बैंक, बीमा, बिजली, कोयला, एयरपोर्ट और बंदरगाह सहित सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्तियों के निजीकरण का विरोध किया। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने तथा बेरोजगारी पर अंकुश लगाने के लिए नई भर्तियां शुरू करने की मांग की। एटक पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आमजन परेशान है। सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिनमें मजदूर, किसान और आम उपभोक्ता के हितों को प्राथमिकता मिले। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शीशराम गुर्जर, रामशरण लादी, भंवरलाल सैनी, संदीप नारोलिया, अनिल कुमार, दीपक धायल, अजय कुमार, सुरेशकुमार, संदीप कुमार, कुलदीप, हिमांशु, ओपेंद्र, सचिन कुमार, सोनू, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में एटक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament

चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार