झुंझुनूं पुलिस में बड़ा फेरबदल: उमाशंकर बने बिसाऊ थानाधिकारी, चंद्रभान को साइबर क्राइम की कमान

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने 8 थाना प्रभारियों के तबादले किए, सूरजगढ़, सदर, चिड़ावा, मुकुंदगढ़ व गोठड़ा समेत कई थानों में नए सीआई तैनात

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से झुंझुनूं पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) ने जिले के 18 में से 8 पुलिस थानों के प्रभारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत कई महत्वपूर्ण थानों पर नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जारी आदेशों के अनुसार विमला बुडानिया को पुलिस लाइन के संचित निरीक्षक पद से हटाकर सदर थाना का नया थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं उमाशंकर को सदर थाने से स्थानांतरित कर बिसाऊ थाना की कमान सौंपी गई है। इसी क्रम में सूरजगढ़ थानाधिकारी चंद्रभान को नई जिम्मेदारी देते हुए साइबर क्राइम थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं दूसरे जिले से स्थानांतरित होकर आए सीआई रामसिंह यादव को सूरजगढ़ थाना का नया थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। लक्ष्मीचंद को चिड़ावा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने विनोद सामरिया का स्थान लिया है। इसके अलावा जयप्रकाश तंवर, जिन्हें पूर्व में कोतवाली से गोठड़ा थाना भेजा गया था, अब उन्हें मुकुंदगढ़ थाना का थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सीआई प्रेमप्रकाश को गोठड़ा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियां संभालनी शुरू कर दी हैं। माना जा रहा है कि इस बदलाव से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी।