कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, खाली प्लॉट में छिपाकर रखा था हथियार; आरोपी पहले से डकैती प्रकरण में गिरफ्तार
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर में हाल ही में हुई डकैती की वारदात की जांच के दौरान कोतवाली थाना पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, शहर में गत दिनों हुई डकैती के मामले में गिरफ्तार आरिफ पुत्र सरताज कुरैशी (27) निवासी मोहल्ला मस्जिदपुरा, गली नंबर 2/3, थाना कोतवाली, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे स्थित सिटी कॉलोनी के पास अंसारी कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर एक खाली प्लॉट में छिपाकर रखा गया अवैध देशी कट्टा बरामद कर जब्त कर लिया। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार आरोपी के पास कैसे पहुंचा और इसका उपयोग अन्य किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया गया। इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में कांस्टेबल चेनाराम, योगेन्द्र सिंह, प्रवीण, पुरूषोत्तम एवं रूपेन्द्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले के खुलासे में कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह के विशेष योगदान की पुलिस विभाग ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों एवं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।











