ठाडेश्वर मंदिर परिसर में हरियाली का महाअभियान: 65 पौधे रोपकर ग्रामीणों ने लिया संरक्षण का संकल्प

खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से खेतड़ी उपखंड के दुधवा स्थित ठाडेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को देवनारायण सेवा समिति के तत्वावधान में विशाल पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में ग्रामीणों, समाजसेवियों एवं समिति पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 65 पौधे रोपे और उनकी नियमित देखभाल व संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महंत जसनाथ महाराज ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, शुद्ध वायु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधारोपण को एक संस्कार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नेतराम दुधवा ने कहा कि लगातार घटते पेड़-पौधों के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि देवनारायण सेवा समिति द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाकर हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान मंदिर परिसर को हरा-भरा बनाने के साथ-साथ ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी भी अपने स्तर पर लेने का निर्णय किया, ताकि सभी पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बन सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने 65 पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर महंत जसनाथ महाराज, भोलानाथ महाराज, रमेश कुमार, ताराचंद, धर्मवीर गुर्जर, मुंशीराम, देवनारायण सेवा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर, ईश्वर सिंह, विक्रम, राकेश खटाना, सुनील, दिलीप, भोजराज, रामकिशन, शेर सिंह, भूप सिंह, अजय, विजय, विकास, विनोद भरगड़, पूरणमल, अनिल तंवर, शीशराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।