रिजर्व पुलिस लाइन में संपर्क सभा, महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश; वीसी के जरिए छात्राओं, गृहणियों व सुरक्षा सखियों को कानून, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा की दी जानकारी
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में महिला सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरूआत करते हुए झुंझुनूं पुलिस ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में संपर्क सभा एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों के साथ वर्चुअल संवाद (वीसी) आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, वहीं बड़ी संख्या में छात्राओं, महिलाओं और सुरक्षा सखियों को महिला सुरक्षा कानूनों, आत्मरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देकर जागरूक किया गया।राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक महिला सुरक्षा जागरूकता माह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइन सेवाओं और सुरक्षा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। संपर्क सभा के दौरान पुलिस अधिकारियों को जेंडर सेंसिटाइजेशन, राजकॉप एवं सीसीटीएनएस, महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, वरिष्ठ जन संबल योजना, महिला अपराधों में कानूनी प्रावधान एवं सजाएं, सी-बॉक्स पोर्टल, ई-बॉक्स तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिला अपराधों की प्रभावी रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए बेहतर पुलिसिंग पर भी चर्चा हुई। इसके बाद आयोजित विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं, महिलाओं, गृहणियों, पीटीआई, सुरक्षा सखियों तथा ‘राजीविका’ से जुड़ी महिलाओं ने ऑनलाइन भागीदारी की। प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा कानूनों, आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों, साइबर ठगी से बचाव, हेल्पलाइन सेवाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने और जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत, शहर वृत्ताधिकारी गोपाल सिंह ढाका, ग्रामीण वृत्ताधिकारी हरिसिंह धायल, चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल, खेतड़ी वृत्ताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरड़क, नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह, बुहाना वृत्ताधिकारी नोपाराम भाकर, साइबर थाना प्रभारी रामखिलाड़ी, आरपीएस (प्रोबेशनर) अम्बिका चौधरी सहित जिले के अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










