Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य का संदेश, सीए डे पर प्रतिभाओं का सम्मान:...

डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य का संदेश, सीए डे पर प्रतिभाओं का सम्मान: जी.बी. मोदी पब्लिक स्कूल में दोहरी उपलब्धि का उत्सव

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जी.बी. मोदी पब्लिक स्कूल में डॉक्टर्स डे एवं सीए डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले पूर्व छात्रों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में दंत चिकित्सक डॉ. रवि शर्मा ने विद्यार्थियों को मौखिक स्वच्छता और दांतों की उचित देखभाल के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दांतों को क्षय रोग से सुरक्षित रखने के लिए दिन में दो बार ब्रश करने तथा नियमित दंत जांच कराने की सलाह दी। कार्यक्रम में महावीर अस्पताल की टीम ने भी सहभागिता निभाई। बाल रोग विशेषज्ञ एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षक डॉ. पल्लवी चौधरी तथा जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. योगेश बाबरवाल ने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की सही विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। संस्था सचिव दिनेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों को सम्मानित करते हुए महावीर अस्पताल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना मित्तल ने बताया कि सीए डे के अवसर पर विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र सीए दिव्या एवं सीए आयुष टेकरीवाल को सीए फाइनल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आईपीसीसी परीक्षा के दोनों समूह उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों आयुषी तुलस्यान, अंकित छापड़िया, कृष्णा अग्रवाल एवं केशव तुलस्यान को भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और व्यावसायिक उत्कृष्टता की भावना को भी मजबूत करते हैं।

Advertisement