भव्य कलश यात्रा के साथ संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित की गई बालाजी महाराज की प्रतिमा
चूरू। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम खासोली में स्वर्गीय चौधरी चिमनाराम दहिया की स्मृति में निर्मित स्वयं प्रकट हनुमान मंदिर में शनिवार को तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत भव्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।स्व. चौधरी चिमनाराम दहिया की स्मृति में उनके पुत्र राधा-कृष्ण दहिया द्वारा गांव में मंदिर का निर्माण करवाया गया। तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हवन, सुंदरकांड पाठ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि संकट मोचन बालाजी धाम खासोली के महंत नवरत्न गिरी महाराज के सान्निध्य में बालाजी महाराज की प्रतिमा की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई।इससे पूर्व गांव के शिव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ गांव के प्रमुख मार्गों से होकर स्वयं प्रकट हनुमान मंदिर पहुंची। कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।शिव मंदिर में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बालाजी महाराज की प्रतिमा का जलाभिषेक किया गया। इसके पश्चात पंडित ललित सहल, पंडित हनुमान प्रसाद, गजानंद, राजेश, पालीराम शर्मा एवं ललित शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्राण-प्रतिष्ठा संस्कार संपन्न करवाया।कार्यक्रम के मुख्य यजमान राधा-कृष्ण दहिया ने अपनी पत्नी सुशीला देवी, डॉ. हेमंत एवं डॉ. पूनम के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर एडीजे रेणुका सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी, राजपाल दहिया, महेंद्र कुमार, प्रताप, सुभाष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
तीन दिन चले धार्मिक आयोजन
- हवन एवं यज्ञ का आयोजन
- सुंदरकांड पाठ का आयोजन
- वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान
- भव्य कलश यात्रा एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह
श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा माहौल
कलश यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए, जबकि मंदिर परिसर में धार्मिक जयघोष और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।













