खेतड़ी।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के पपुरना पंचायत परिसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और समय व धन दोनों की बचत हो सके। शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा संबंधी कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े कार्यों का निस्तारण किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाया तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शहरी सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक छत के नीचे उपलब्ध कराकर नागरिकों को सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है। शिविर के सफल आयोजन में कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार चौहान, संजय देव गुर्जर, बबलू अवाना, तहसीलदार सुनील कुमार, अजय कुमार, पवन कुमार, प्रमोद कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहें ।













