बीडीके अस्पताल में जेके फाउंडेशन के शिविर में 18 यूनिट रक्त संग्रहित, चिकित्सकों ने बताया रक्तदान का महत्व
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले के सबसे बड़े राजकीय भगवान दास खेतान (बीडीके) अस्पताल में जेके फाउंडेशन की ओर से संस्थापक स्वर्गीय हरि शंकर सिंघानिया की 93वीं जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 18 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ अस्पताल के पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने किया। इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने जेके फाउंडेशन के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था का झुंझुनूं की धरती से विशेष लगाव रहा है तथा भविष्य में भी रोगी हित में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के आयोजन की आवश्यकता है। डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 18 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यक्रम में आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, डॉ. विजय झाझड़िया, जेके लक्ष्मी सीमेंट के आकाश शर्मा, महिपाल सिंह, प्रवीण गुप्ता, गौरव गुप्ता सहित अस्पताल एवं कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए समाज में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं का सम्मान किया गया तथा मानव सेवा के इस अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया गया।













