चिड़ावा में किरण पाल, सूरजगढ़ में जयसिंह द्वितीय और नवलगढ़ में अजीत सिंह राठौड़ को मिली कमान, लंबे इंतजार के बाद मंडावा और बुहाना को भी मिले नियमित एसडीएम, शिवा चौधरी की झुंझुनूं में महत्वपूर्ण पद पर तैनाती
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
राजस्थान सरकार द्वारा जारी नवीन तबादला सूची में झुंझुनूं जिले में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने जिले के चार मौजूदा उपखंड अधिकारियों (एसडीएम) का स्थानांतरण करते हुए कई नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही लंबे समय से रिक्त चल रहे मंडावा और बुहाना उपखंडों में भी नियमित एसडीएम नियुक्त कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती दी गई है। इसके अलावा जिला मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर भी नई तैनाती की गई है। जारी आदेशों के अनुसार झुंझुनूं की उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट कौशल्या विश्नोई का तबादला गोविंदगढ़ (अलवर) कर दिया गया है। उनकी जगह उदयपुर से स्थानांतरित होकर आए आरएएस अधिकारी रामकरण सिंह अब झुंझुनूं के नए उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट होंगे। रामकरण सिंह के आगमन से जिला मुख्यालय पर प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
चिड़ावा की कमान अब किरण पाल के हाथों में
चिड़ावा के उपखंड अधिकारी डॉ. नरेश सोनी को यहां से स्थानांतरित कर उदयपुर नगर निगम में नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर आरएएस अधिकारी किरण पाल को चिड़ावा का नया एसडीएम बनाया गया है। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले किरण पाल से क्षेत्र में जनसेवा और प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
सूरजगढ़ और नवलगढ़ में भी नए चेहरे
सूरजगढ़ की उपखंड अधिकारी स्वाति झा का तबादला मांडलगढ़ (भीलवाड़ा) कर दिया गया है। उनकी जगह खैरवाड़ा (उदयपुर) में कार्यरत जयसिंह द्वितीय को सूरजगढ़ का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है।इसी प्रकार नवलगढ़ के एसडीएम कुलदीप सिंह शेखावत को नीमराना (कोटपूतली-बहरोड़) भेजा गया है। उनके स्थान पर निवाई (टोंक) में कार्यरत अजीत सिंह राठौड़ को नवलगढ़ का नया उपखंड अधिकारी बनाया गया है।
मंडावा और बुहाना को मिला प्रशासनिक संबल
जिले के महत्वपूर्ण उपखंड मंडावा और बुहाना लंबे समय से नियमित एसडीएम के अभाव में संचालित हो रहे थे। सरकार ने अब इन दोनों उपखंडों में नियुक्तियां कर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। आदेशों के अनुसार विश्वामित्र मीणा को मंडावा का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि आरएएस अधिकारी शकुंतला को बुहाना उपखंड अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थानीय स्तर पर इन नियुक्तियों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शिवा चौधरी को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत श्रीगंगानगर में आबकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत आरएएस अधिकारी शिवा चौधरी का तबादला झुंझुनूं किया गया है। उन्हें यहां सहायक निदेशक (लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय) के पद पर नियुक्त किया गया है। यह पद जिला प्रशासन में योजनाओं के समन्वय और जनसेवाओं की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी नई गति
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जिले के विभिन्न उपखंडों में नए अधिकारियों की नियुक्ति से विकास कार्यों, राजस्व प्रबंधन और जनसुनवाई व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रशासनिक गलियारों में इन तबादलों को लेकर पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।










