पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित प्रदेश के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में ‘कायम रत्न अवॉर्ड-2026’ प्रदान, हजारों लोगों ने दी शहीद को श्रद्धांजलि
जयपुर । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राजस्थान की वीरता, बलिदान और सामाजिक समरसता की गौरवशाली विरासत को समर्पित नवाब दादा कायम खां शहीद दिवस एवं कायम रत्न अवॉर्ड-2026 सम्मान समारोह रविवार को राजधानी जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की राजनीतिक, सामाजिक, सैन्य, न्यायिक एवं शैक्षणिक जगत की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने की। आयोजन में समाज, राष्ट्रसेवा, शिक्षा, खेल, न्यायपालिका, सेना एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को ‘कायम रत्न अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
शहादत की विरासत को किया नमन
समारोह का मुख्य उद्देश्य नवाब दादा कायम खां की शहादत, राष्ट्रनिष्ठा और सामाजिक सद्भाव के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित हजारों लोगों ने नवाब दादा कायम खां की याद में दुआएं और श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
हर धर्म और हर वर्ग की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में सेना के वीर चक्र एवं शौर्य चक्र सम्मान प्राप्त वीर जवानों, पूर्व न्यायाधीशों, खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे जनप्रतिनिधियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वधर्म समाज के लोगों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह सामाजिक एकता और प्रतिभाओं के सम्मान का अनूठा उदाहरण बना I समारोह में शौर्य चक्र विजेता मुबारिक अली पुत्र हाकिम अली खान गांगियासर को भी ‘कायम रत्न अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। उनकी अनुपस्थिति में यह सम्मान इकबाल खान गांगियासर ने ग्रहण किया। मंच से उनके शौर्य, राष्ट्रसेवा और साहसिक योगदान का उल्लेख होने पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका सम्मान किया।
हजारों लोगों की रही भागीदारी
राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब एक हजार से अधिक लोग जयपुर पहुंचे और नवाब दादा कायम खां की मगफिरत एवं कौम की खुशहाली के लिए दुआ की। पूरे कार्यक्रम के दौरान शहादत, एकता और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा।
राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का लगा जमावड़ा
समारोह में चूरू सांसद राहुल कस्वां, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, अशोक चांदना, चेतन डूडी, विधायक हाकिम अली खान, अमीन कागजी, रफीक खान, जाकिर गैसावत, सांसद महसूद अहमद, सीकर सभापति जीवण खान, पूर्व न्यायाधीश भंवरू खान, कर्नल अब्दुल रशीद खान गांगियासर, इकबाल खान गांगियासर ( जिला अध्यक्ष वक्फ बोर्ड़ झुंझुनूं ) , खलील बुड़ाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डॉ. खानू खान बुधवाली के नेतृत्व में हुआ आयोजन
समारोह का आयोजन मौलाना अबुल कलाम आजाद वेलफेयर सोसायटी, राजस्थान के तत्वावधान में राजस्थान वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. खानू खान बुधवाली द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि नवाब दादा कायम खां का जीवन साहस, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित यह समारोह केवल एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह शहादत के सम्मान, प्रतिभाओं के अभिनंदन और सामाजिक एकता के संदेश का विशाल मंच बनकर उभरा। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की कुर्बानियां कभी भुलाई नहीं जातीं, बल्कि वे समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने वाली प्रेरणा बन जाती हैं। “विरासत का सम्मान, शहादत का अभिमान” की भावना के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन राजस्थान की सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हो गया ।












