शेखसर-कुमास को मिली 42 लाख की सौगात, तीन नवीन नलकूप स्वीकृत

डीएमएफटी फंड से मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था, ग्रामीणों ने पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़ व भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी का जताया आभार

मंड़ावा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ग्राम पंचायत शेखसर एवं ग्राम कुमास को बड़ी सौगात मिली है। डीएमएफटी फंड से करीब 42 लाख रूपए की लागत से तीन नवीन नलकूप स्वीकृत किए गए हैं, जिससे दोनों गांवों के अनेक परिवारों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।।पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमास ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़ तथा भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी की अनुशंसा एवं प्रयासों से यह स्वीकृति प्राप्त हुई है। योजना के तहत ग्राम शेखसर के वार्ड संख्या 3 में एक नवीन नलकूप तथा ग्राम कुमास के आम चौक एवं वार्ड संख्या 7 स्थित नाई और दरोगा मोहल्लों में दो नवीन नलकूप स्थापित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से अतिरिक्त जल स्रोतों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नलकूपों के निर्माण से पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा और गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को देखते हुए भी यह स्वीकृति महत्वपूर्ण साबित होगी। नलकूपों की स्वीकृति की सूचना मिलते ही शेखसर और कुमास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी तथा संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति के लिए उठाया गया यह कदम गांवों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल जल संकट कम होगा, बल्कि आमजन को नियमित और सुगम जलापूर्ति का लाभ भी मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।