सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने कलेक्टेट में किया विरोध, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
चूरू । कलेक्टेट परिसर में सोमवार को राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान के बैनर तले सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहकारिता मंत्री गौतम दक के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए सहकारिता मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई।रिटायर्ड पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने बताया कि सहकारिता मंत्री गौतम दक ने 25 मई 2026 को डूंगला थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे थानाधिकारी और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।ज्ञापन के अनुसार मंत्री द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ गाली-गलौज तथा अमर्यादित और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया, जो एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के लिए अनुचित है। संस्था ने इसे मंत्री पद की शपथ और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत आचरण बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना से प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनर्स और आमजन में रोष व्याप्त है। संगठन ने राज्यपाल से मांग की है कि मामले में दर्ज मुकदमे के अनुसंधान को शीघ्र पूरा कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।संस्था ने 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर उचित कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि इससे कानून के प्रति जनता का विश्वास बना रहेगा और सरकार की जवाबदेही का सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचेगा। ज्ञापन में पुलिसकर्मियों के सम्मान और कानून व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।











