दुष्कर्म मामले में फरार 10 हजार का इनामी टॉप-10 अपराधी गिरफ्तार

सिंघाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या और धोखाधड़ी के मामलों में भी था वांछित

सिंघाना I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले की सिंघाना थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी एवं टॉप-10 अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी अन्य गंभीर मामलों में भी वांछित था, जिसमें जयपुर के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र का हत्या का मामला तथा सिंघाना थाने का धोखाधड़ी प्रकरण शामिल है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में गठित टीम ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार दुष्कर्म प्रकरण में पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करीब दो वर्ष पूर्व आरोपी अशोक सिंह उसके घर आया और अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार उसे परेशान करता रहा। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसी दौरान 31 मई को गाड़ाखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हरिराम शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी अपने गांव भैसावता कलां स्थित घर पर आया हुआ है। सूचना मिलते ही सिंघाना थाना और गाड़ाखेड़ा चौकी की संयुक्त टीम ने गांव में दबिश दी।पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे भैसावता की बणी क्षेत्र से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक सिंह पुत्र अजीत सिंह (42 वर्ष), निवासी भैसावता कलां, थाना सिंघाना के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म प्रकरण के अलावा सिंघाना थाना क्षेत्र के एक धोखाधड़ी मामले में भी गिरफ्तारी लंबित थी। वहीं जयपुर के झोटवाड़ा थाने में दर्ज हत्या के मामले में भी वह 10 हजार रुपये का इनामी अपराधी घोषित था। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।