खेतड़ी I झुंझुनूं जिले के पचेरी थाना क्षेत्र स्थित निहालोठ की ढाणी निवासी सीआरपीएफ जवान सुरेश कुमार का अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया। सोमवार शाम को उनके पैतृक गांव में अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन की खबर से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार पुत्र थानाराम श्रीनगर में 78 बटालियन सीआरपीएफ में हैड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह 22 मई को छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। सोमवार को उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन अचानक रात को उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए नारनौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया। जवान सुरेश कुमार तीन भाइयों में दुसरे नंबर के थे। उनकी एक बेटी वर्षा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है, जबकि एक बेटा विकास लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत है और दूसरा बेटा नीरज कुमार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। वह 10 मार्च 1991 में सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। सीआरपीएफ जवान के असामयिक निधन से निहालोठ की ढाणी सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी थे। इस दौरान जयपुर से आई सीआरपीएफ की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर असिस्टेंट कमांडेंट सुरेश कुमार, इंस्पेक्टर दीपचंद खटाणा, थानाधिकारी बनवारीलाल यादव, गूंति सरपंच नीरज, विकास आला सहित अनेक लोग मौजूद थे।










