7 माह से फरार 10 हजार का इनामी बदमाश कर्मवीर गिरफ्तार

अपहरण, जातिसूचक गालियां और मारपीट के मामले में सूरजगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जयपुर से दबोचा आरोपी

सूरजगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस थाना सूरजगढ़ ने करीब सात माह से फरार चल रहे 10 हजार रूपए के इनामी आरोपी कर्मवीर उर्फ कर्मसिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी जयपुर में छिपकर रह रहा था, जिसे पुलिस टीम ने दस्तयाब कर गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश कर जेल भिजवा दिया। आरोपी सूरजगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

शराब ठेके से शुरू हुआ विवाद, युवक का किया अपहरण

पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर 2025 को किढवाना निवासी दीपक पुत्र मांगेराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 20 अक्टूबर की शाम वह घरेलू सामान लेने गांव गया था। इसी दौरान परिचित विनोद ने उसे शराब ठेके से बीयर लाने को कहा। ठेके पर पहले से मौजूद कर्मवीर उर्फ कर्मसिंह और मोहन सिंह ने उसे जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर प्रमोद के धर्मकांटे पर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। सूचना मिलने पर उसका चाचा नरेंद्र मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर मोटरसाइकिल छीन ली। इसके बाद आरोपी दीपक को बडसरी के बास स्थित जोहड़ में ले गए और वहां भी मारपीट कर घायल अवस्था में घर के पास सड़क पर पटककर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में रिपोर्ट देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

जयपुर में छिपा था हिस्ट्रीशीटर

मामले में आरोपी कर्मवीर उर्फ कर्मसिंह पुत्र रामसिंह निवासी किढवाना घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे जयपुर से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना सूरजगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके खिलाफ पूर्व में 13 मामले दर्ज हैं।कार्रवाई में डीएसटी टीम झुंझुनूं के शशिकांत, हरिश, संदीप कुमार, योगेंद्र, कुलदीप तथा चिड़ावा थाने के अमित सिहाग की विशेष भूमिका रही। वहीं सूरजगढ़ थाना टीम में थानाधिकारी रणजीत सिंह, सुभाषचंद्र, धर्मेंद्र और रतन सिंह शामिल रहे।