पुलिस-अभियोजन समन्वय मजबूत करने पर जोर, न्यायालय पैरवी को प्रभावी बनाने के निर्देश

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार जिला पुलिस एवं अभियोजन अधिकारियों के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करने और न्यायालयों में प्रकरणों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समन्वय समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता देवेन्द्र सिंह राजावत ने की। बैठक में पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न प्रकरणों में न्यायालयीन कार्यवाही को अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अनुसंधान अधिकारियों एवं थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेज समय पर एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि मामलों की सुनवाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ने कहा कि अभियोजन एवं अनुसंधान स्तर पर मजबूत समन्वय होने से न्यायालयीन कार्यवाही अधिक प्रभावशाली बनेगी तथा प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने गृह विभाग के परिपत्रों की पालना सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से समन्वय बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मौजूद अभियोजन अधिकारियों से भी कहा गया कि वे न्यायालय की आवश्यकताओं के संबंध में अनुसंधान अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान करें, जिससे न्यायालय आदेशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों ने माना कि पुलिस एवं अभियोजन के बीच सतत संवाद और समन्वय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा न्याय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।